वाल्मीकि जयंती पर यूपी में सार्वजनिक अवकाश घोषित, 26 अक्टूबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर
Lucknow News: महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर योगी सरकार ने सोमवार, 26 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश की आधिकारिक घोषणा की है। इस संबंध में रविवार को शासन स्तर पर आदेश जारी कर दिया गया। इस निर्णय के तहत प्रदेश भर के सभी सरकारी व निजी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों को आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी कालजयी शिक्षाएं समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। महर्षि वाल्मीकि की जयंती सोमवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी।
रामायण भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का अमूल्य ग्रंथ
अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिकवि महर्षि वाल्मीकि ने महाकाव्य ‘रामायण’ की रचना करके मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन एवं आदर्श चरित्र को घर-घर तक पहुँचाया। उनके द्वारा रचित यह महान ग्रंथ भारतीय संस्कृति, नैतिकता और सनातन जीवन-मूल्यों का अनमोल धरोहर है।
सत्य, धर्म और लोकमंगल को जीवन में उतारने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन दर्शन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, करुणा और लोकमंगल के उन उच्च आदर्शों को आत्मसात करने की सीख देता है, जो भगवान श्रीराम के जीवन का मूल आधार हैं। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक में सेवा, सदाचार और लोककल्याण की भावना को और मजबूत करे, जिससे राज्य शांति, सौहार्द और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।
Also Read: Gorakhpur News: मतगणना कर्मियों के नाम MLC देवेंद्र प्रताप सिंह का खुला पत्र, निष्पक्षता की अपील

