पीएम पर मल्लिकार्जुन का विवादित बयान, भाषण के दौरान शख्स के टोकने पर बोले- मोदी का बाप भी जाएगा
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने मंच से बड़ा बयान दिया। उनके भाषण के दौरान जब भीड़ से एक शख्स ने टोका कि मोदी नहीं जाएगा, तो इस पर भड़कते हुए खरगे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इस बयान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा टोकने वाले व्यक्ति की पिटाई कर उसे हॉल से बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है।
बाबू के योगदान को किया याद, आरएसएस पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक बिहार के निर्माता कृष्ण सिंह के समाज के लोग जमींदार थे, इसके बावजूद बाबू ने जमींदारी प्रथा को समाप्त करने का ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से ही आरएसएस और अन्य ताकतें देश में दंगे फैलाने में लगी रही हैं। जब तक देश से आरएसएस की विचारधारा खत्म नहीं होती, तब तक शांति संभव नहीं है।
खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि सोशलिस्ट पार्टी की विचारधारा लेकर चलने वाले नीतीश कुमार आज आरएसएस की गोद में बैठ गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के बलिदानों को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए शहादत दी, लेकिन इसके बावजूद हमारे नेता राहुल गांधी डटकर लड़ रहे हैं। उत्तराखंड का जिक्र करते हुए उन्होंने मंच के शुद्धिकरण की घटना पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
जनता: मोदी नहीं जाएगा
मल्लिकार्जुन खड़गे: मोदी का बाप भी जाएगाअराजकता, गाली-गलौज और झूठ – यही है कांग्रेस की असली पहचान।
सत्ता की हताशा में बौखलाई कांग्रेस अब मर्यादा और संस्कारों की सारी सीमाएँ लाँघ रही है। कांग्रेस के नेताओं की भाषा उनके अहंकार और राजनीतिक दिवालियापन को… pic.twitter.com/ZN29nChYyx
— Dr. Hemang Joshi (MP Vadodara) (@drhemangjoshimp) October 25, 2026
CEC और चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर आरोप
चुनाव आयोग (ECI) और मौजूदा राजनीतिक माहौल पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा कि एसआईआर (SIR) और वोटर लिस्ट के जरिए विरोधियों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और चुनाव आयोग के बीच गहरी सांठगांठ है तथा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव तानाशाही का प्रतीक है। ईवीएम और सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी के जरिए सरकारें बनाई जा रही हैं और पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा तथा महाराष्ट्र की सरकारें “चोरी की सरकारें” हैं।
अपने राजनीतिक सफर और उम्र का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि वे अपने जीवन में कई चुनाव जीत चुके हैं और अब 85 वर्ष की उम्र में उन्हें किसी से डर नहीं लगता। उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकता पर जोर देते हुए मांग की कि एसआईआर की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए और आगामी सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं।
Also Read: वाल्मीकि जयंती पर यूपी में सार्वजनिक अवकाश घोषित, 26 अक्टूबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर

