सपा के बयान पर बीजेपी का पलटवार, कहा- ‘असुरों के संरक्षकों’ से प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk : भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा को असुर बताने संबंधी सपा के प्रमुख राष्‍ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘माफिया, अपराधियों और आतंकियों रूपी असुरों के संरक्षक’ रहे लोगों से भाजपा को किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

सीतापुर में शुक्रवार को सपा के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि असुरों के विनाश की शुरुआत नैमिषारण्य से हुई थी और ‘नैमिषारण्य में समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर का संदेश है-असुरों का विनाश होगा। भाजपा असुर है। यह शिविर उसके विनाश के शस्त्र के रूप में काम करेगा’।

यादव के इस बयान के बाद भाजपा राज्‍य मुख्‍यालय से जारी एक बयान में चौधरी ने कहा, ‘‘माफिया, अपराधी और आतंकी रूपी असुरों के संरक्षक रहे लोगों से भाजपा को किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।‘ उन्होंने कहा कि समाजवाद के नाम पर परिवारवादी दल चलाने वाले लोगों का सच जनता अच्छी तरह समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि ‘इनके कुशासन में भ्रष्टाचार, अपराध, महिलाओं की असुरक्षा, गरीबों, शोषितों, पीड़ितों का उत्पीड़न उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुका था। आज जो अपराधी माफिया जेल में बंद हैं, वे इनके कुशासन में खुले आम घूमते थे’।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.