सिद्धार्थनगर में महाराष्ट्र पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, पाक्सो एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर में एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मानपाड़ा डोंबिवली, जिला ठाणे, महाराष्ट्र में पाक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संदीप कुमार (पुत्र बालजी, निवासी मरवटिया कुर्मी, थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है।
एसटीएफ गोरखपुर फील्ड इकाई को महाराष्ट्र पुलिस से सूचना मिली थी कि थाना मानपाड़ा डोंबिवली में दर्ज मु.अ.सं. 1349/2024, धारा 64(2)(आई), 64(2)(एम), 123, 79, 351(2) बीएनएस व 4/6/12 पाक्सो एक्ट-2012 के तहत वांछित अभियुक्त संदीप कुमार अपने गांव मरवटिया कुर्मी में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह की टीम ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर अभियुक्त को पकड़ने की योजना बनाई।
दिनांक 4 जनवरी 2025 को शाम लगभग 7:35 बजे एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम मरवटिया कुर्मी में दबिश देकर अभियुक्त संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
टीम में शामिल अधिकारी:
- सत्य प्रकाश सिंह (निरीक्षक, एसटीएफ फील्ड इकाई, गोरखपुर)
- मु.आ. चन्द्रभूषण सिंह
- मु.आ. गुंजन कुमार सिंह
- मु.आ. गौरव प्रताप सिंह
- पीएसआई गणेश भावड़ (थाना मानपाड़ा डोंबिवली, ठाणे पुलिस)
आरोपी के खिलाफ मामला
गिरफ्तार अभियुक्त संदीप कुमार के खिलाफ थाना मानपाड़ा डोंबिवली, जिला ठाणे, महाराष्ट्र में पाक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। महाराष्ट्र पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ से मदद मांगी थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर में दाखिल कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू की गई। विस्तृत पूछताछ और आगे की विधिक कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जाएगी। यह कार्रवाई एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे एक वांछित अभियुक्त को पकड़ने में सफलता मिली है।
Also Read: इटावा: अंतरराज्यीय कछुआ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 528 जीवित कछुए बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

