31 साल बाद फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखेंगे सलमान-आमिर, री-रिलीज हो रही ‘अंदाज अपना अपना’

Sandesh wahak Digital Desk: बॉलीवुड के दो दिग्गज सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान 31 साल बाद फिर से बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज की जा रही है। फिल्म की री-रिलीज का ऐलान मशहूर फिल्म एनालिस्ट तरण आदर्श ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए किया। उन्होंने जानकारी दी कि यह फिल्म इस साल अप्रैल में नए 4K रीमास्टर और बेहतर साउंड क्वालिटी के साथ सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। फिल्म का *टीज़र कल रिलीज होगा*।

टीवी पर हिट होने के बाद कल्ट बनी फिल्म

4 नवंबर 1994 को रिलीज हुई राजकुमार संतोषी निर्देशित ‘अंदाज अपना अपना’ जब पहली बार सिनेमाघरों में आई थी, तब इसे दर्शकों से ज्यादा खास प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। हालांकि, सालों बाद जब इसे टीवी पर प्रसारित किया गया, तो यह फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई और बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में से एक बन गई। आज भी फिल्म के किरदार, डायलॉग्स और गाने लोगों के जेहन में ताजा हैं। खासकर “आइला! उई मा!”, “क्राइम मास्टर गोगो” और “तेजा मैं हूं, मार्क इधर है” जैसे डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर हैं।

4K क्वालिटी में नए अंदाज में आएगी फिल्म

इस बार ‘अंदाज अपना अपना’ को नए सिनेमा अनुभव के लिए रीमास्टर किया गया है, जिससे दर्शकों को 1994 की इस कॉमेडी को बिल्कुल नए अंदाज में देखने का मौका मिलेगा। फिल्म को पूरे भारत में रिलीज किया जाएगा।

मजेदार कहानी से भरी है फिल्म

फिल्म की कहानी दो चालाक नौजवानों (आमिर और सलमान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अमीर लड़की से शादी करने की योजना बनाते हैं, ताकि उसकी संपत्ति हासिल कर सकें। लेकिन कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं, जिससे एक के बाद एक कॉमेडी सीन बनते हैं।

प्रशंसकों के लिए फिर जगेगी यादें

फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने भी इस खबर को साझा किया और लिखा, “आइला…1994 का अंदाज, 2025 में फिर होगा अपना-अपना!” अब देखना दिलचस्प होगा कि 31 साल बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है!

Also Read: फर्जी Video मामले में फंसे एल्विश यादव, राजस्थान पुलिस की छवि खराब करने का आरोप, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.