Lucknow News: अखिलेश यादव के आवास के बाहर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जानिए क्या है पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में स्थित समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के आवास के बाहर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। अखिलेश यादव के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
दरअसल सपा नेता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा रोष व्याप्त है। जिसको लेकर अखिलेश यादव आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए अखिलेश यादव और सपा दफ्तर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सपा कार्यालय के बाहर कई थानों की फोर्स तैनात की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मनीष जगन अग्रवाल समाजवादी पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष है। शुक्रवार देर रात समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया में पोस्ट में दावा किया था कि मनीष हाई बीपी के पेशेंट हैं। उनकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे में अगर मनीष को कुछ हुआ तो जिम्मेदारी लखनऊ पुलिस की होगी।
वहीं इस पूरे मामले पर लखनऊ पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मनीष जगन अग्रवाल सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार समाज में नकारात्मक बातें और अशांति फैलाने वाली बातें फैला रहे थे। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उधर शनिवार की सुबह लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में नेताओं की चहलकदमी शुरू हो गई। सपा कार्यकर्ताओं द्वारा संभावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुबह सपा कार्यालय और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कई थानों के पुलिसकर्मियों को सपा कार्यालय के पास तैनात किया गया है। इलाके में बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
Also Read: प्रयागराज में बड़ा सड़क हादसा, महाकुंभ स्नान को आ रहे 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

