Lucknow News: एक्सीडेंट के बाद इलाज के लिए पहुंचे मरीज के तीमारदारों से मारपीट, मरीज की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रामा सेंटर में सुरक्षा कर्मियों द्वारा मरीजों के तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा घटना शुक्रवार और शनिवार की रात करीब ढाई बजे की है, जब एक्सीडेंट के बाद इलाज के लिए पहुंचे एक मरीज के परिजनों के साथ सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ ने मारपीट की, जिसके कारण मरीज की मौत हो गई।

मृतक मरीज के जीजा सचिन मौर्या ने बताया कि सड़क हादसे के बाद वे अपने साले आशीष मौर्या के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचे थे। सचिन मौर्या ने बताया कि इमरजेंसी में मरीज को लेकर वे करीब एक घंटे तक खड़े रहे, लेकिन किसी ने भी इलाज के लिए उनकी मदद नहीं की। कभी कहा गया कि डॉक्टर दूसरे मरीज को देख रहे हैं, तो कभी यह बताया गया कि डॉक्टर मौजूद नहीं हैं।

मरीज की मौत

घंटे भर के इंतजार के बाद जब मरीज की हालत बिगड़ी, तब भी कोई डॉक्टर नहीं आया। इलाज में देरी के कारण मरीज की मौत हो गई। इसके बाद जब परिजन शव लेकर ट्रामा सेंटर से बाहर जा रहे थे, तब सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ से उनका विवाद हुआ। जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया।

परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें बंधक बना लिया और मारपीट की। जब कुछ लोग बीच-बचाव के लिए आए, तो उन्होंने दरवाजा बंद करके परिजनों पर हमला किया। स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर समझाकर मामले को शांत करवाया।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  इस घटना के बाद KGMU प्रशासन पर सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है, लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार की सख्त कार्रवाई होती नहीं दिख रही है।

Also Read: आज PM मोदी से मुलाकात करेंगी CM रेखा गुप्ता, महिला सम्मान योजना को लेकर बुलाई अहम…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.