तो अखिलेश जी…रोका किसने है आपको? सपा प्रमुख पर बीजेपी विधायक का विवादित बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की बरहज विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जुबानी हमला करते हुए नजर आ रहे हैं।
विधायक दीपक मिश्रा, जो एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे, मंच से महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहते हैं, “तुम्हें सनातन अच्छा नहीं लगता, हिंदुत्व और कुंभ अच्छा नहीं लगता… तो अखिलेश जी, इस्लाम स्वीकार कर लो, कौन रोकता है तुम्हें?” उन्होंने आगे कहा, “मेरे पिता जी दुर्गा प्रसाद मिश्रा का हिंदुस्तान उतना ही है जितना मुलायम सिंह यादव का है। मेरा देवरिया उतना ही है जितना आपका उत्तर प्रदेश।”
दीपक मिश्रा ने अपने बयान में यह भी जोड़ा, “मैं नहीं कहता कि अखिलेश जी पाकिस्तान चले जाएं, लेकिन अगर आपको सनातन धर्म, महाकुंभ या हिंदुत्व पसंद नहीं आता तो आप इस्लाम स्वीकार कर सकते हैं। रोकता कौन है आपको? हर किसी को अपने धर्म में आस्था रखने की स्वतंत्रता है।”
यह बयान दीपक मिश्रा ने बीते बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के परसिया तिवारी गांव में आयोजित अमृत सरोवर एवं अमृत सरोवर मार्ग के उद्घाटन कार्यक्रम में दिया था। इस मौके पर उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा महाकुंभ से जुड़ी अव्यवस्थाओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
बीजेपी विधायक के इस बयान के बाद, देवरिया जिले में सियासी माहौल गरमा गया है और यह बयान सुर्खियों में आ गया है।
Also Read: प्रयागराज दौरे पर मुख्यमंत्री ने की एक और बड़ी घोषणा, नाविकों को सरकार देगी विशेष सुविधाएं

