UP News: कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार, 405 जिन्दा कछुए बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर प्रतिबंधित प्रजाति के कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार कर 405 जिन्दा कछुए बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 1 मार्च 2025 को सुबह करीब 3:40 बजे उषराहार-किशनी मार्ग पर जनपद मैनपुरी में की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

  1. कुलदीप चतुर्वेदी (29 वर्ष) – निवासी ग्राम गहवरा, पोस्ट तिवना, थाना एवं तहसील मीरगंज, जनपद बरेली।
  2. अमित यादव (20 वर्ष) – निवासी ग्राम अंसारी मोहल्ला, पोस्ट बरेली, थाना फतेहगंज, जनपद बरेली।

बरामदगी:

  • 405 जिन्दा कछुए (संरक्षित/प्रतिबंधित प्रजाति)
  • 1 आधार कार्ड
  • 1 पैन कार्ड
  • 1 सैमसंग मोबाइल फोन
  • 1 स्विफ्ट कार (UP 13 AL 4254)

एसटीएफ उत्तर प्रदेश को बीते कुछ दिनों से प्रतिबंधित प्रजाति के कछुओं की तस्करी में संलिप्त गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इस पर एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों को अभिसूचना संकलन एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में, निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह (एसटीएफ फील्ड इकाई, कानपुर) द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को अभिसूचना संकलन के दौरान जानकारी मिली कि तस्कर इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद से कछुए इकट्ठा कर स्विफ्ट कार में मैनपुरी से रुद्रपुर (उत्तराखंड) ले जाने की फिराक में हैं।

इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। वन क्षेत्राधिकारी (रेंज मैनपुरी) से समन्वय स्थापित कर उषराहार-किशनी मार्ग पर दबिश दी गई, जहां से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तस्करी से जुड़े अन्य अपराधी और गिरोह का नेटवर्क

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे भाड़े पर गाड़ी चलाते हैं और इस दौरान उनकी मुलाकात संतोष (निवासी रुद्रपुर, उत्तराखंड) से हुई थी। संतोष ने उन्हें रूप सिंह (निवासी अछल्दा, जनपद इटावा) से मिलवाया, जो प्रतिबंधित कछुओं की तस्करी करता है। बरामद कछुए रूप सिंह द्वारा ही उपलब्ध कराए गए थे।

मैनपुरी से रुद्रपुर पहुंचाने के लिए अभियुक्तों को ₹50,000 का भुगतान तय हुआ था, जिसमें से ₹20,000 एडवांस में दिए गए थे। शेष राशि कछुए रुद्रपुर पहुंचाने के बाद मिलनी थी।

कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16ख), 9, 39, 48, 49बी, 50, 51, 57 एवं भारतीय वन अधिनियम की धारा 52क के तहत मामला दर्ज कर उन्हें क्षेत्रीय वन अधिकारी, मैनपुरी रेंज, वन प्रभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वन विभाग द्वारा इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों रूप सिंह और संतोष की तलाश जारी है।

Also Read: सीतापुर में दर्दनाक हादसा: ई-रिक्शा पर पलटा गन्ने से लदा ट्रक, दो लोगों की मौके पर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.