UP Board Exams 2025: यूपी बोर्ड परीक्षा का आज आखिरी दिन, 19 मार्च से शुरू होगा कॉपियों का मूल्यांकन

UP Board Exams 2025: उत्तर प्रदेश बोर्ड (UP Board) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज, 12 मार्च को समाप्त हो रही हैं। इसके बाद होली की छुट्टियों के बाद 19 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। इस बार यूपी बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और कड़े निगरानी के तहत करने का निर्णय लिया है।

मूल्यांकन कार्य 19 मार्च से 2 अप्रैल तक राज्य के 261 केंद्रों पर होगा। इसे स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक की निगरानी में संपन्न किया जाएगा। जिला स्तर पर, डीएम द्वारा मूल्यांकन केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी, ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहे।

अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने मंगलवार को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन केंद्रों पर हर दिन एक घंटे पहले स्टैटिक मजिस्ट्रेट को पहुंचना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और मूल्यांकन कार्य की राज्य और जिला स्तर पर निगरानी की जाएगी।

एक और महत्वपूर्ण निर्देश यह है कि मूल्यांकन कार्य में लगे सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के इस्तेमाल पर सख्त रोक होगी। ये सभी उपकरण मूल्यांकन केंद्र के मुख्य गेट पर जमा किए जाएंगे। आज के दिन, हाईस्कूल की सभी प्रमुख विषयों की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, जबकि इंटरमीडिएट में आज अंग्रेजी का प्रश्न पत्र है। इस परीक्षा में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर कदम पर निगरानी रखी जा रही है।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.