Baghpat News: रठौड़ा गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, तीन की हत्या, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र के रठौड़ा गांव में होली के दिन हुए विवादों के चलते तीन लोगों की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को पहले युवक अमित उपाध्याय (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो घंटे बाद यूपी पुलिस की हेड कांस्टेबल प्रिया की माता बिमलेश और पिता रामफल पर हमला किया गया, जिसमें बिमलेश की मौत हो गई। इसके बाद शनिवार सुबह आरोपी मनीष उर्फ मोनू (35) का भी गोली लगा शव खेत में मिला।

होली के दिन विवाद से भड़की हिंसा

गांव के ललित उपाध्याय ने बताया कि उसका भाई अमित पानीपत में नौकरी करता था और होली पर परिवार के साथ गांव आया था। शुक्रवार सुबह गांव की परिक्रमा शुरू होने से पहले अमित का गांव के ही सागर से झगड़ा हो गया, जिसे गांव वालों ने शांत करा दिया। लेकिन दोपहर में सागर अपने भाई अक्षय और वंश के साथ अमित के घर पहुंचा और गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान अक्षय ने अमित की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने अमित के भाई गुलबीर की भी पिटाई की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने सागर, अक्षय और वंश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

इसके दो घंटे बाद गांव में एक और हिंसक झड़प हुई। यूपी पुलिस की हेड कांस्टेबल प्रिया के घर के बाहर मनीष उर्फ मोनू अपने दोस्तों नितिन और परविंद्र के साथ गाली-गलौज कर रहा था। जब प्रिया की मां बिमलेश और पिता रामफल ने उन्हें टोका, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिमलेश को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई। रामफल का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में मनीष, नितिन और परविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

खेत में मिला आरोपी का शव

शनिवार सुबह गांव में मलखी के खेत में मनीष उर्फ मोनू का दो गोलियां लगा शव बरामद हुआ। मनीष के पिता जितेंद्र ने बताया कि शुक्रवार शाम उसे गांव के ही सागर, अक्षय, बादल, नितिन और प्रविंद्र के साथ खेतों की ओर जाते हुए देखा गया था। आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर रात में मनीष की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात

पुलिस ने अमित और मनीष की हत्या में शामिल आरोपी सागर और अक्षय को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय और एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

गांव में तीन हत्याओं के बाद तनाव व्याप्त है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Also Read: Lucknow News: बच्ची से बलात्कार का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.