UP Politics: लापता श्रद्धालुओं के पोस्टर हटवा रही सरकार, अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर लगाया बड़ा आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ पर दिए गए भाषण पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर महाकुंभ के आयोजन में अव्यवस्थाओं को लेकर निशाना साधा और कई गंभीर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि महाकुंभ में भगदड़ के दौरान हजार से अधिक श्रद्धालु लापता हो गए, लेकिन सरकार उन परिवारों की कोई मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लापता लोगों के परिजनों द्वारा लगाए गए पोस्टरों तक को हटवा रही है, जबकि उसे उन परिवारों को सहायता देनी चाहिए और लापता लोगों की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं को झेलनी पड़ी समस्याएं
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हर सरकार ऐसे आयोजनों को भव्य और दिव्य बनाने का प्रयास करती है, लेकिन इस बार महाकुंभ में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार ने इस आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को कितना बजट दिया और वह धनराशि कहां खर्च हुई?
उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं की भारी कमी रही। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सिर्फ पार्किंग व्यवस्थाओं में उलझे रहे, जबकि कई आईपीएस अधिकारी श्रद्धालुओं को रोकते नजर आए क्योंकि आगे जाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
लापता श्रद्धालुओं और मृतकों की सूची सार्वजनिक करे सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ में राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से आए श्रद्धालु दुर्घटनाओं में मारे गए, लेकिन किसी भी सरकार ने उनकी मदद नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रयागराज में लापता श्रद्धालुओं के पोस्टर तक हटवा रही है, जिससे उनके परिजन और परेशान हो रहे हैं।
सपा सुप्रीमो ने भाजपा सरकार से मांग की कि वह लापता लोगों की जानकारी सार्वजनिक करे और उनके परिजनों को सहायता प्रदान करे। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं का सामना क्यों करना पड़ा?
Also Read: UP News: वाराणसी जेल के एसपी पर जूनियर को परेशान करने का आरोप, शिकायत दर्ज

