असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाला लखनऊ से गिरफ्तार, लाखों रुपये और एडमिट कार्ड बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले एक व्यक्ति को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी रविवार-सोमवार रात के समय लखनऊ से की गई।
एसटीएफ ने विपिन कुमार यादव नामक इस ठग को चिनहट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से तलाशी में एक लाख रुपये (मुकदमे से संबंधित), 1250 रुपये नकद, 41 एडमिट कार्ड, एक फर्जी आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एसटीएफ के अधिकारियों के अनुसार, पिछले काफी समय से प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाकर उनकी शुचिता भंग करने की कोशिशें शिक्षा माफिया द्वारा की जा रही थीं। इसी क्रम में, 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभिसूचना तंत्र को सक्रिय किया गया था।
एडमिट कार्ड बरामद
अभिसूचना संकलन के दौरान, एसटीएफ लखनऊ की टीम ने रविवार-सोमवार की रात को विपिन कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2022 में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त हुआ था और वर्तमान में केकेसी कॉलेज, लखनऊ में कार्यरत है। उसने यह भी कबूल किया कि उसने हाल ही में हुई असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में लोगों को पास कराने और चयनित कराने के नाम पर उनसे पैसे और एडमिट कार्ड लिए थे।
आरोपी ने अनल यादव के नाम से एक फर्जी आधार कार्ड भी बना रखा था और इसी नाम से खुद को शिक्षा आयोग में सेवारत बताकर लोगों को ठगता था। उसके अन्य साथियों के संबंध में फिलहाल छानबीन जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ चिनहट थाने में मुकदमा संख्या 181/2025, धारा 112(2), 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Lucknow Spa Centre Raid: लुलु मॉल के पीछे चल रहा था संदिग्ध स्पा सेंटर, पकड़ी गईं 6 विदेशी महिलाएं

