एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय अफीम तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (विशेष कार्य बल) ने आज अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। एस.टी.एफ. टीम ने इनके कब्जे से 3.500 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की अफीम बरामद की है, जिसका अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 17.50 लाख रुपये आंका गया है।

एसटीएफ लखनऊ की टीम, जिसे पुलिस उपाधीक्षक विमल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, रिजवान खाँ, उ0नि0 सत्यप्रकाश सिंह सहित अन्य कर्मियों द्वारा गठित किया गया था, को पिछले काफी समय से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थ तस्कर गिरोहों की सक्रियता की सूचनाएं मिल रही थीं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने अभिसूचना तंत्र को सक्रिय किया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ टीम को पता चला कि झारखंड से एक तस्कर अफीम की खेप लेकर बरेली में किसी को देने आने वाला है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एन.सी.बी.) लखनऊ की टीम के साथ मिलकर सुभाषनगर थाना क्षेत्र के अन्धी पुलिया के पास घेराबंदी की और दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विशाल कुमार पुत्र प्रकाश कुमार डागी, निवासी ग्राम दादापुर, थाना चौपारन, हजारीबाग (झारखंड) और बन्टी उर्फ राजा पुत्र भीमसेन, निवासी ग्राम तिलई उत्तमनगर, थाना अलीगंज, बरेली के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 3.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम, तीन मोबाइल फोन, 48,000/- रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल (संख्या यूपी 25 सीएफ 4638) बरामद हुई है।

पूछताछ में अभियुक्त विशाल ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जो झारखंड के जंगलों से सस्ते दामों पर अफीम लाकर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों में सप्लाई करता है। उसने बताया कि इस बार वह बरेली निवासी बन्टी को अफीम की खेप देने के लिए झारखंड से आया था। वहीं, बन्टी ने पूछताछ में बताया कि वह इस अफीम को पंजाब, उत्तराखंड, बरेली और आसपास के जिलों में फुटकर में बेचकर तस्करी करता है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध एन.सी.बी. लखनऊ द्वारा केस संख्या 09/2025 धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई एन.सी.बी. द्वारा की जा रही है। एस.टी.एफ. की इस सफलता को अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.