जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा में मुठभेड़ जारी, सुरक्षाबलों ने लश्कर आतंकी को किया ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: हाल ही में पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद, जिसमें 26 पर्यटकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए, भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सरकार ने पाकिस्तान के साथ अपने राजनयिक संबंधों को कम कर दिया है और इस हमले के जवाब में कई सख्त कदम उठाने का संकल्प लिया है।
इस बीच, जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों को इस दौरान बड़ी सफलता मिली है, जिसमें उन्होंने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक आतंकवादी को मार गिराया है।
पहलगाम हमले के संदिग्ध आतंकवादियों के घर विस्फोट में नष्ट
पहलगाम आतंकवादी हमले में कथित रूप से शामिल लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों के जम्मू कश्मीर स्थित घर विस्फोट में नष्ट हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोट बृहस्पतिवार रात को हुआ।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों, आदिल हुसैन थोकर और आसिफ शेख, के घरों में तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान, घरों में पहले से मौजूद विस्फोटकों में धमाका हो गया, जिससे दोनों मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले का रहने वाला थोकर मंगलवार को पहलगाम में हुए हमले के मुख्य संदिग्धों में से एक है। वहीं, पुलवामा जिले के त्राल का निवासी शेख भी हमले की साजिश में शामिल होने के संदेह के घेरे में है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना की गहन जांच कर रही हैं और अन्य संभावित आतंकियों की तलाश जारी है। भारत सरकार ने इस हमले को सीमा पार आतंकवाद का परिणाम बताया है और पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगाया है।
Also Read: भारत छोड़ो आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा ने निभायी सक्रिय भूमिका: CM योगी

