Lucknow: पुलिस ने किया चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, शातिर बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में हुई एक के बाद एक चैन स्नैचिंग की वारदातों का लखनऊ पुलिस ने सफलतापूर्वक अनावरण कर लिया है। पुलिस उपायुक्त उत्तरी की क्राइम/सर्विलांस टीम व थाना जानकीपुरम की संयुक्त पुलिस टीम ने एक शातिर चैन स्नैचर को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कल्लू उर्फ राजू पुत्र रामकुमार उर्फ मुन्ना पेंटर (उम्र 23 वर्ष, निवासी शाहपुर भमरौली, थाना दुबग्गा, लखनऊ) के रूप में हुई है, जो पेशे से कबाड़ी है। यह बदमाश पहले भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रह चुका है।
घटनाएं और जांच का विवरण
दिनांक 24 अप्रैल 2025 को तीन अलग-अलग पीड़िताओं – रीना सैनी, मृदुला अग्रवाल और शिप्रा राय द्वारा लखनऊ के जानकीपुरम थाने में स्नैचिंग की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के अनुसार, अज्ञात बाइक सवारों ने अलग-अलग स्थानों पर उनकी कान की बाली और चेन छीन ली थी।
सभी घटनाओं पर तुरंत प्रभाव से कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 065/2025, 066/2025 और 067/2025 धारा 309(6) BNS के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर 25 अप्रैल 2025 को सुबह 5 बजे सलीम तिराहा क्षेत्र से अभियुक्त कल्लू उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका नाबालिग साथी संरक्षण में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया सामान
- 01 पीली धातु की टूटी चैन
- 01 कान की बाली
- 3100 रुपये नकद (विभिन्न मामलों से संबंधित)
- मोटरसाइकिल बरामद
बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2), 338, 336(3), व 340(2) BNS की बढ़ोत्तरी की गई है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त कल्लू उर्फ राजू पर पहले से ही 13 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, डकैती, आयुध अधिनियम व अन्य धाराएं शामिल हैं। ये मुकदमे इन्दिरानगर, दुबग्गा, मड़ियाव व चिनहट थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, आरोपितों द्वारा लूटा गया कुछ माल पहले ही बेच दिया गया था, जिसके बदले मिले पैसों में से भी नकदी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने थाना दुबग्गा क्षेत्र में भी लूट की घटना को अंजाम देने की बात कबूली है, जिस पर मु0अ0सं0 165/2025 धारा 304 BNS दर्ज है।
न्यायिक कार्यवाही
गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि नाबालिग साथी को बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अन्य थाना क्षेत्रों को सूचित कर आगे की विधिक कार्यवाही कर रही है।
Also Read: Sonbhadra: दुष्कर्म का आरोपी पुलिस की रायफल छीनकर भागा, मुठभेड़ में…

