कानपुर देहात: 50,000 का इनामी बदमाश संदीप पासी गिरफ्तार, यूपी STF ने की कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ (Special Task Force) ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50,000 रुपये के इनामी बदमाश संदीप पासी उर्फ इब्राहिम उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ के द्वारा की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त संदीप पासी को जिठरौली तिराहे स्थित प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ टीम ने इनामी आरोपी को बल प्रयोग कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलने और स्थान बदलकर फरारी की बात कबूल की।
पहले भी जेल जा चुका है बदमाश
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शराब तस्करी करता था, और शराब तस्करी के आरोप में जेल भी जा चुका था। जेल से छूटने के बाद, उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद वह फरार हो गया और अपना नाम बदलकर इब्राहिम रख लिया। आरोपी ने इस दौरान फतेहपुर जिले के बिन्दकी में सब्जी बेचने का काम किया।
एसटीएफ के द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और अपराधियों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई का उदाहरण है। आरोपी को अब कानपुर देहात के थाना गजनेर में पंजीकृत गैंगेस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है, और आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त को थाना गजनेर में पंजीकृत मु0अ0सं0 128/17 गैंगेस्टर एक्ट के तहत दाखिल किया गया है, और पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को लेकर क्षेत्रीय जनता ने भी सराहना जताई है।
Also Read: यूपी-नेपाल बॉर्डर पर जांच बढ़ाने के निर्देश, डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा- चप्पे-चप्पे…

