यूपी को मिलेगा नया DGP: कौन होगा अगला पुलिस प्रमुख? इन नामों पर चल रही चर्चा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस को जल्द ही नया डीजीपी मिलने वाला है, क्योंकि मौजूदा डीजीपी प्रशांत कुमार 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में राज्य के नए पुलिस प्रमुख को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। कई सीनियर आईपीएस अधिकारी रेस में हैं, लेकिन अभी तक किसी का नाम आधिकारिक तौर पर पैनल में नहीं आया है।

योगी सरकार द्वारा डीजीपी चयन की नई नियमावली लागू किए जाने के बाद अब तक चयन समिति का गठन नहीं किया गया है। मई के अंत तक डीजी रैंक के तीन अफसर डीजीपी प्रशांत कुमार, डीजी जेल पीवी रामाशास्त्री और डीजी टेलीकॉम संजय एम. तरड़े रिटायर हो रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठता सूची में बदलाव आएगा और नए नाम सामने आएंगे।

इन अफसरों के नाम सबसे आगे

राजीव कृष्ण (1991 बैच) वर्तमान में यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष और विजिलेंस निदेशक के पद पर हैं। हाल ही में उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराकर प्रशंसा बटोरी है। उनके पास अभी चार साल की सेवा शेष है, जो उन्हें मजबूत दावेदार बनाता है।

दलजीत सिंह चौधरी (1990 बैच) वर्तमान में बीएसएफ के डीजी हैं और ऑपरेशन सिंदूर जैसे बड़े ऑपरेशन में अहम भूमिका निभा चुके हैं। यूपी में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर भी रह चुके हैं। उनका अनुभव और संचालन कौशल उन्हें इस दौड़ में प्रबल उम्मीदवार बनाता है।

अतुल शर्मा शांत और दक्ष अधिकारी माने जाते हैं। कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं, लेकिन उनके नाम पर अब तक कम चर्चा हुई है, बावजूद इसके वे रेस में बने हुए हैं।

आलोक शर्मा (1991 बैच) इस समय एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की कमान संभाल रहे हैं। उनका कार्यकाल भी दिसंबर 2025 तक है, यानी अभी करीब 6 महीने का वक्त बाकी है।

क्या यूपी को पहली महिला DGP मिल सकती है?

इस बार चर्चा में एक महिला अफसर भी हैं तिलोत्तमा वर्मा (1990 बैच)। वर्तमान में डीजी प्रशिक्षण हैं और उनके पास 6 महीने की सेवा बाकी है। अगर राज्य सरकार उन्हें यह जिम्मेदारी देती है तो तिलोत्तमा वर्मा उत्तर प्रदेश की पहली महिला डीजीपी बनेंगी। वे लंबे समय तक सीबीआई में भी कार्यरत रही हैं और प्रशासनिक अनुभव में किसी से कम नहीं हैं। उनके पति आशीष गुप्ता भी यूपी काडर के आईपीएस हैं, लेकिन उन्होंने हाल ही में वीआरएस के लिए आवेदन कर दिया है।

Also Read: Panjab News: अमृतसर में जहरीली शराब का कहर, 15 लोगों की मौत, कई गंभीर

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.