चारमीनार के पास भीषण आग से 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया शोक
नई दिल्ली/हैदराबाद: हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गुलजार हाउस के पास स्थित एक व्यावसायिक इमारत में अचानक आग लग गई। इस भीषण आग की चपेट में आकर 17 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य झुलसकर घायल हो गए। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह इमारत मोती व्यवसाय से जुड़ी थी, जिसकी ग्राउंड फ्लोर पर ‘मोदी पर्ल्स’ नाम की दुकान थी। ऊपरी मंजिलों में दुकान मालिक और कर्मचारियों के परिवार रहते थे। जब आग लगी, तब करीब 30 लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। चारों ओर फैले घने धुएं और लपटों के कारण कई लोग बाहर निकल नहीं सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के लिए आठ फायर टेंडरों को लगाया गया था। कुछ लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक जताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। पीएम कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, “हैदराबाद में आग की घटना से बेहद दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना है। घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी सोशल मीडिया पर दुख प्रकट करते हुए लिखा कि भारत सरकार इस दुखद समय में हरसंभव मदद प्रदान करेगी। उन्होंने राज्य सरकार से यह भी अपील की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा ऑडिट जैसे जरूरी कदम उठाए जाएं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों को तुरंत चिकित्सीय सहायता देने का निर्देश दिया है। सीएम कार्यालय की ओर से बताया गया है कि मुख्यमंत्री लगातार पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के संपर्क में हैं। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन कितना गंभीरता से किया जा रहा है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Also Read: भारत की तर्ज पर पाकिस्तान भी भेजेगा शांति प्रतिनिधिमंडल, बिलावल भुट्टो करेंगे नेतृत्व

