ऑपरेशन सिंदूर पर स्वामी प्रसाद मौर्य का सवाल, बोले- पाकिस्तान में एक भी आतंकी नहीं मारा गया
Sandesh Wahak Digital Desk: रामनगरी अयोध्या पहुंचे जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को केंद्र सरकार के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से पहले जो उम्मीदें थीं, वे 24 घंटे में ही धराशायी हो गईं।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा की, तो लगा कि अब आतंकियों का सफाया होगा, देश को राहत मिलेगी। लेकिन 24 घंटे भी नहीं बीते कि सरकार बैकफुट पर आ गई। न तो कोई आतंकवादी मारा गया, न ही पाकिस्तान को कोई ठोस जवाब मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर देश की बहनों को भावनात्मक रूप से ठगा है। उन्होंने कहा, हमारे घर की बेटियों और बहनों को उम्मीद थी कि उन्हें इंसाफ मिलेगा, लेकिन हुआ उल्टा। इस अभियान के नाम पर महिलाओं के साथ छल किया गया।
संविधान सम्मान व जनहित हुंकार यात्रा -जनपद अयोध्या में भव्य स्वागत…. pic.twitter.com/kgOaey9sIz
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) May 19, 2025
बोले- धूल झोंकने की राजनीति
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने पूरे देश की आंखों में धूल झोंक दी है। यह बीजेपी का असली चेहरा, चरित्र और चाल है, जिसे अब हम जनता के बीच उजागर करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी को 400 सीटें मिल गई होतीं, तो संविधान में बदलाव तय था। मौर्य ने कहा, देशवासियों ने बहुत समझदारी दिखाई है और 400 के आंकड़े को नहीं छूने दिया। अगर ऐसा होता तो संविधान बदलने का रास्ता साफ हो जाता।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन नेशन-वन इलेक्शन के विचार पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर एक देश, एक चुनाव की बात हो रही है, तो पहले ‘वन नेशन-वन एजुकेशन’ क्यों नहीं? देश में शिक्षा समान होनी चाहिए। गरीब, अमीर, शहर, गांव- सबके बच्चों को एक जैसी शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। जब तक शिक्षा में समानता नहीं होगी, तब तक असली लोकतंत्र नहीं आएगा। उन्होंने अयोध्या की जनता को भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने भाजपा को बहुमत से रोकते हुए बैसाखियों पर ला खड़ा किया।

