क्लासरूम घोटाला: मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को ACB का समन, पेशी की तारीख तय

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण से जुड़े करीब 2,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को समन जारी किया है।

ACB ने सत्येंद्र जैन को 6 जून और मनीष सिसोदिया को 9 जून को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल को दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर की गई है, जिसमें दोनों नेताओं के खिलाफ अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

क्या है मामला?

यह मामला 12,748 क्लासरूम्स के निर्माण में हुए वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी के अनुसार, निर्माण कार्य में लागत को अनावश्यक रूप से बढ़ाया गया। कई स्थानों पर कक्षाओं को अस्थायी ढांचे (semi-permanent structure) के रूप में तैयार किया गया। साथ ही आरोप है कि जिन ठेकेदारों को ये प्रोजेक्ट दिए गए, उनके संबंध ‘आप’ पार्टी से थे।

एसीबी ने कहा है कि इस मामले में जो दस्तावेज मिले हैं, उनसे साफ संकेत मिलता है कि निर्माण कार्य में बड़े स्तर पर घोटाला हुआ। उदाहरण के लिए, जिन क्लासरूम्स की लागत सामान्य तौर पर 5 लाख रुपये होनी चाहिए थी, उनकी लागत 25-30 लाख रुपये तक दिखाई गई।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज

भाजपा विधायक हरीश खुराना ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा हमारी शिकायत पर ACB ने कार्रवाई की है। अब कानून अपना काम कर रहा है। सबूत दिखाते हैं कि जनता के पैसों का दुरुपयोग हुआ है। तो वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि क्लासरूम निर्माण पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार हुआ है। यह कोई घोटाला नहीं, बल्कि ‘आप’ नेताओं को बदनाम करने की बीजेपी की राजनीतिक साजिश है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।

पहले भी विवादों में रहे हैं सिसोदिया

गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया का नाम इससे पहले दिल्ली शराब नीति घोटाले में भी सामने आया था। उस मामले में उन पर नीति में बदलाव कर कुछ शराब कारोबारियों को फायदा पहुंचाने का आरोप था। इसी सिलसिले में उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था। उस समय सिसोदिया ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया था।

Also Read: यूपी पुलिस दारोगा भर्ती: अभ्यर्थियों को आयु सीमा में मिली 3 साल की छूट, 4,534 पदों पर होगी भर्ती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.