यूपी में झुलसा देने वाली गर्मी, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लू और वार्म नाइट से राहत नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश इस समय भयंकर गर्मी और लू की चपेट में है। पूरब से लेकर पश्चिम तक तपती दोपहरें और गर्म रातें लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। झांसी और आगरा जैसे जिलों में सोमवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर बुंदेलखंड, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, इटावा, हाथरस, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर जैसे जिलों में लू चलने की आशंका है। वहीं, दक्षिण और पश्चिमी यूपी के 14 जिलों में रातें भी सामान्य से कहीं ज्यादा गर्म रहने की संभावना है।
22 जिलों में पारा 40 डिग्री पार
सोमवार को प्रदेश के लगभग 22 जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी कई इलाकों में पारा 40 डिग्री को पार कर सकता है। वहीं, एनसीआर और पश्चिमी यूपी के करीब 25 जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
राजधानी लखनऊ में लगातार दूसरे दिन गर्मी और उमस ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। सोमवार को दोपहर के वक्त सड़कें सुनसान रहीं, धूप की तपिश और उमस ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को लखनऊ में पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों में क्रमशः 0.6 और 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नमी ने बढ़ाई उमस, कूलर भी फेल
पूर्वा हवाओं से आई अत्यधिक नमी ने उमस को और बढ़ा दिया। नतीजा ये रहा कि कूलर और पंखे भी लोगों को राहत नहीं दे पाए। धूप हो या छांव, कहीं भी चैन नहीं मिला। लोगों ने गर्मी से राहत पाने के लिए नींबू पानी, छाछ और पेय पदार्थों का सहारा लिया, लेकिन दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून के बाद बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी के प्रभाव से मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 11 और 12 जून के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी संभव है। हालांकि फिलहाल भीषण गर्मी से तुरंत राहत के आसार नहीं हैं।

