IED ब्लास्ट में सीआरपीएफ जवान सत्यवान कुमार शहीद
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की सेवा करते हुए उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी और सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सत्यवान कुमार सिंह नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हो गए। यह दर्दनाक घटना ओडिशा-झारखंड सीमा पर घने सारंडा जंगल में हुई, जहां नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सत्यवान सिंह उस संयुक्त टीम का हिस्सा थे जिसमें सीआरपीएफ, ओडिशा पुलिस और झारखंड पुलिस मिलकर नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। यह अभियान 27 मई को सुंदरगढ़ जिले की एक पत्थर खदान पर माओवादियों के हमले के बाद शुरू हुआ था, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री लूटी गई थी। जैसे ही जवानों की टीम जंगल में आगे बढ़ रही थी, एक IED धमाका हुआ। ASI सत्यवान सिंह को तुरंत राउरकेला के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।
सीआरपीएफ ने अपने वीर सिपाही को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, हमारे बहादुर योद्धा ASI सत्यवान कुमार सिंह ने 14 जून 2025 को अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। हम उनके साहस, निष्ठा और मातृभूमि के प्रति प्रेम को नमन करते हैं। उनका यह बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। हम उनके परिवार के साथ इस कठिन घड़ी में खड़े हैं।
Also Read: Amethi News: बेटी ने टोका तो उबलता पानी फेंक प्रेमी संग भागी 5 बच्चों की मां

