बाबा साहेब की तस्वीर के अपमान पर लालू यादव को अनुसूचित जाति आयोग का भेजा नोटिस
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव एक बार फिर विवादों में घिरते नज़र आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके जन्मदिन का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने लालू यादव को नोटिस भेजकर 15 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
आयोग के उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लालू यादव और उनके एक समर्थक को बाबा साहेब अंबेडकर की फोटो के सामने पैर रखे हुए देखा जा रहा है। आयोग ने इसे अपमानजनक बताते हुए कहा है कि अगर तय समय में सफाई नहीं दी गई, तो यह मान लिया जाएगा कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया है।
इतना ही नहीं, आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर लालू यादव समय रहते अपना पक्ष नहीं रखते हैं, तो उनके खिलाफ अनुसूचित जाति और जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जा सकती है।
दरअसल, यह विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब लालू यादव के जन्मदिन पर आयोजित एक कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। इन तस्वीरों में समर्थक उन्हें डॉ. अंबेडकर की तस्वीर भेंट करते दिख रहे हैं, जबकि लालू यादव टेबल पर पैर रखकर बैठे हैं, ठीक सामने बाबा साहेब की तस्वीर रखी हुई है। इस पर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भाजपा और जदयू ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे अंबेडकर का अपमान करार दिया है।
Also Read: पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना जर्जर पुल टूटा, 6 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता

