चीन दौरे पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एससीओ बैठक में आतंकवाद पर होगी बड़ी बात

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार से चीन के किंगदाओ शहर में शुरू हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के दो दिवसीय सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इस बैठक में वह आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ साझा प्रयासों को मजबूत करने की वकालत करेंगे। इसके साथ ही वह भारत की क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा को लेकर सोच भी साझा करेंगे।

इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राजनाथ सिंह चीन के पूर्वी शांदोंग प्रांत के बंदरगाह शहर किंगदाओ पहुंचेंगे, जहां संगठन से जुड़े देशों के रक्षा मंत्री आपसी सुरक्षा और सहयोग के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

गौरतलब है कि मई 2020 में एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर भारत और चीन के बीच तनाव शुरू होने के बाद यह पहली बार है जब कोई वरिष्ठ भारतीय मंत्री चीन की यात्रा कर रहा है। इस दौरे को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

मंत्रालय की ओर से जारी हुआ बयान

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, राजनाथ सिंह बैठक में भारत की एससीओ के प्रति प्रतिबद्धता, वैश्विक शांति की दिशा में भारत की सोच, और आतंकवाद व उग्रवाद के खिलाफ मिलकर काम करने की आवश्यकता को रेखांकित करेंगे।

इसके अलावा, मंत्री व्यापार, आर्थिक साझेदारी और क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी बातचीत कर सकते हैं। सम्मेलन के दौरान राजनाथ सिंह की चीन और रूस सहित अन्य सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों से द्विपक्षीय मुलाकातें भी तय हैं।

मंत्रालय ने कहा कि भारत एससीओ को एक ऐसा मंच मानता है जो बहुपक्षीय सहयोग, राजनीतिक संवाद, आर्थिक भागीदारी और जन-जन के बीच संपर्क को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एससीओ का मूल उद्देश्य अपने सदस्य देशों की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, आपसी सम्मान, और बराबरी के सिद्धांतों को बनाए रखते हुए सहयोग बढ़ाना है और भारत इस सोच में पूरी तरह भागीदार है।

Also Read: उपचुनाव में AAP की दमदार वापसी, पंजाब-गुजरात में जीत से बदला सियासी माहौल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.