लखनऊ में किसानों का हल्लाबोल: भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरे, मुख्यमंत्री से बातचीत की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ की सड़कों पर आज किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के बैनर तले सैकड़ों किसान राजधानी के परिवर्तन चौक से हजरतगंज गांधी प्रतिमा की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

कपड़े उतारकर जताया विरोध, ‘जय जवान-जय किसान’ के लगे नारे

प्रदर्शन कर रहे किसान केडी सिंह बाबू स्टेडियम के सामने सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कई गुस्साए किसानों ने कपड़े उतारकर विरोध जताया और ज़ोरदार नारेबाज़ी की “जय जवान, जय किसान”, “किसानों ने ठाना है, अपनी बात मनवाना है” जैसे नारों से राजधानी की सड़कें गूंज उठीं।

किसानों ने आरोप लगाया कि लखनऊ के अधिकारी भ्रष्टाचारी और दलाल हैं। उनका कहना है कि कृषि विभाग के अधिकारी एसी कमरों में बैठकर योजनाएं बनाते हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत देखने कभी गांवों में नहीं जाते। किसानों और गायों की हालत क्या है, इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं।

दिल्ली की दीवारें नहीं रोक पाईं, तो बैरिकेडिंग क्या रोकेगी?

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने साफ कहा कि जब दिल्ली की सीमाओं पर कंक्रीट की दीवारें उन्हें नहीं रोक सकीं, तो ये पुलिस की बैरिकेडिंग उनका रास्ता कैसे रोक पाएगी? किसानों ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री से सीधी बातचीत नहीं होगी, वे यहां से नहीं हटेंगे।

किसान नेता कमलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में नकली बीज, नकली दवाएं और नकली खाद खुलेआम बेची जा रही हैं। उन्होंने बताया कि किसानों के अभियान के बाद कृषि मंत्री ने नकली खाद पर छापेमारी की थी, जिसमें दो दुकानों पर खुद मंत्री को ही 400 रुपये अधिक लेकर ठगा गया। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम किसानों के साथ क्या होता होगा।

‘गायों के लिए गोशालाएं बनीं, फिर भी जानवर मर रहे हैं’

कमलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में 14 गोशालाएं और 28 कांजी हाउस बने होने के बावजूद गायों और अन्य पशुओं की दुर्दशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गाय को माता मानते हैं, लेकिन राजधानी के अधिकारी सिर्फ भ्रष्टाचार में लगे हैं। जो अधिकारी किसानों और पशुओं की स्थिति देखने तक नहीं जाते, वो योजनाएं क्या लागू करेंगे?

Also Read: Lucknow: सिविल अस्पताल की टंकी पर चढ़ा शख्स, आत्मदाह की दी धमकी, सामने आई ये वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.