कोहली फैमिली का अगला सितारा, DPL में डेब्यू को तैयार विराट के भतीजे आर्यवीर
Sandesh Wahak Digital Desk: कोहली परिवार में क्रिकेट का जुनून अब एक और पीढ़ी तक पहुंच चुका है। इस बार सबकी नज़रें टिकी हैं विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली पर, जो जल्द ही दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में मैदान पर उतरने को तैयार हैं।
5 जुलाई को होने वाली DPL नीलामी में आर्यवीर पहली बार हिस्सा लेंगे और यह देखना दिलचस्प होगा कि किस टीम की जर्सी में वह नज़र आएंगे।
बल्लेबाज नहीं, स्पिन गेंदबाज़ हैं आर्यवीर
आर्यवीर कोहली, भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के बड़े भाई विकास कोहली के बेटे हैं। हालांकि वह अपने चाचा की तरह बल्लेबाज़ नहीं हैं, बल्कि उनकी विशेषज्ञता लेग स्पिन गेंदबाज़ी में है।

वह लंबे समय से विराट के कोच राजकुमार शर्मा की देखरेख में पश्चिमी दिल्ली क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
आर्यवीर वर्तमान में दिल्ली अंडर-16 टीम के लिए रजिस्टर्ड खिलाड़ी हैं और उन्हें DPL के ड्राफ्ट में कैटेगरी C में शामिल किया गया है, जो बताता है कि वह पहले से ही दिल्ली क्रिकेट सर्किट में अपनी पहचान बना चुके हैं।
इस बार DPL में 8 टीमें करेंगी टक्कर
DPL यानी दिल्ली प्रीमियर लीग का पिछला संस्करण जहां छह टीमों के बीच खेला गया था, वहीं, इस बार लीग और भी बड़ी हो गई है। दो नई टीमें—”आउटर दिल्ली” और “नई दिल्ली”—के जुड़ने से अब लीग में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी।
भाग लेने वाली टीमें इस प्रकार हैं:
-
ईस्ट दिल्ली राइडर्स
-
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स
-
वेस्ट दिल्ली लायंस
-
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज
-
पुरानी दिल्ली 6
-
सेंट्रल दिल्ली किंग्स
-
आउटर दिल्ली
-
नई दिल्ली
हालांकि, DPL की आधिकारिक सोशल मीडिया पर इस बदलाव की पुष्टि की गई है।
पहले सीजन ने दिए थे दो IPL स्टार्स
2024 में खेले गए DPL के पहले सीज़न ने दो बड़े नाम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को दिए थे—प्रियांश आर्य और दिग्वेश राठी।
प्रियांश ने DPL में एक ओवर में छह छक्के मारकर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने 50 गेंदों में 120 रन की तूफानी पारी खेली थी और बाद में ₹3.80 करोड़ में IPL में पंजाब किंग्स द्वारा खरीदे गए। वहीं, दिग्वेश राठी को लखनऊ सुपर जायंट्स से डेब्यू मिला और उन्होंने 13 मैचों में 14 विकेट चटकाए।
क्या आर्यवीर होंगे अगला बड़ा नाम?
आर्यवीर कोहली के आने से DPL को एक नई पहचान और दर्शकों का नया रोमांच मिल सकता है।

क्रिकेट विशेषज्ञों की नजरों में अब यह सवाल है—क्या आर्यवीर कोहली DPL से IPL तक का सफर तय कर पाएंगे? क्या वह अपने नाम और मेहनत के बल पर एक नई पहचान बना सकेंगे?

