आलिया भट्ट की पूर्व सेक्रेटरी वेदिका शेट्टी 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी में गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की पूर्व निजी सहायक (सेक्रेटरी) वेदिका प्रकाश शेट्टी को मुंबई की जुहू पुलिस ने 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला आलिया भट्ट के निजी खातों और उनकी प्रोडक्शन कंपनी एटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। वेदिका पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपये हड़पे हैं।

आलिया की मां सोनी राजदान ने दर्ज कराई थी शिकायत

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब आलिया की मां और उनके प्रोडक्शन हाउस की निदेशक सोनी राजदान ने 23 जनवरी को जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, वेदिका ने मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच फर्जी बिल बनाकर और आलिया के हस्ताक्षर का गलत इस्तेमाल कर 77 लाख रुपये की हेराफेरी की। वेदिका ने ये फर्जी बिल इतनी चालाकी से तैयार किए थे कि उनमें यात्रा, मीटिंग्स और अन्य आयोजनों के नाम पर झूठे खर्चे दिखाए गए थे।

बेंगलुरु से गिरफ्तारी हुई वेदिका

शिकायत दर्ज होने के बाद से वेदिका फरार थीं और लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थीं। वह राजस्थान, कर्नाटक, पुणे और अंत में बेंगलुरु पहुंचीं। जुहू पुलिस ने मामला दर्ज होने के लगभग 5 महीने बाद वेदिका को बेंगलुरु से ढूंढा और गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उन्हें बेंगलुरु कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें मुंबई लाया गया। मुंबई कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

जुहू पुलिस ने वेदिका शेट्टी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316 (4) (आपराधिक विश्वासघात) और 318 (4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि वेदिका ने 2021 से 2024 तक आलिया की निजी सहायक के तौर पर काम किया था और इस दौरान उन्हें वित्तीय दस्तावेजों व भुगतान से जुड़े कई अधिकार सौंपे गए थे। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की छानबीन की जा रही है। इस मामले पर आलिया भट्ट या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Also Read: UP के मुरादाबाद का सबीह खान बना Apple का COO, टिम कुक भी करते हैं तारीफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.