लखनऊ की HK इन्फ्राविजन का जॉइंट डायरेक्टर गिरफ्तार, सैनिकों को प्लॉट के नाम पर करोड़ों का लगाया चूना
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ की एचके इन्फ्राविजन कंपनी के जॉइंट डायरेक्टर मदनराम को बलिया से गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर सैनिकों और आम लोगों को प्लॉट का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने इस कंपनी के 19 बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए हैं।
कान्हा उपवन वैली के नाम पर ठगे गए सैनिक और आम लोग
कंपनी ने ‘कान्हा उपवन वैली’ के नाम से प्लॉटिंग की और सैनिकों व आम लोगों को प्लॉट बेचे। लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी खरीदारों को उनके प्लॉट का कब्जा नहीं दिया गया। इस धोखाधड़ी से परेशान होकर 19 पीड़ितों ने मोहनलालगंज कोतवाली में कंपनी के निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने 25 दिन पहले इसी कंपनी के एक डायरेक्टर प्रमोद उपाध्याय को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब गिरफ्तार जॉइंट डायरेक्टर मदनराम ने पूछताछ में खुलासा किया है कि प्रमोद और विनोद उपाध्याय उसके गांव के ही रहने वाले हैं। इन दोनों ने उसे ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर कंपनी में शामिल किया था।
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस अपराध से अर्जित संपत्ति के रूप में कंपनी की इनोवा, टाटा सफारी, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो जैसी गाड़ियां जब्त कर ली हैं। इसके साथ ही, आरोपियों के 19 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है, जिनमें कुल 15 लाख रुपये जमा हैं। पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे एक और डायरेक्टर विनोद उपाध्याय की तलाश में जुटी है।
Also Read: उदयपुर फाइल्स की रिलीज पर सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार

