Siddharthnagar News: अजय राय पर दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत 10 अन्य नेताओं पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को इटवा तहसील पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपकर मुकदमा वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद और पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि यह मामला 10 जुलाई 2025 का है, जब वाराणसी में जलभराव, टूटे-फूटे सीवर, दुकानदारों की परेशानियों और कांवर यात्रियों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने ‘पोल खोल पदयात्रा’ निकाली थी। यह पदयात्रा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में निकाली गई थी ताकि सरकार का ध्यान बुनियादी समस्याओं की ओर खींचा जा सके।
काजी सुहेल और ठाकुर प्रसाद तिवारी ने कहा कि पदयात्रा से तिलमिलाई सरकार ने बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए अजय राय सहित 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस इस दमनकारी रवैए का हर स्तर पर विरोध करेगी और जब तक यह मुकदमा वापस नहीं लिया जाता, संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस नेता ने साधा सरकार पर निशाना
इस मौके पर पूर्व प्रदेश सचिव नादिर सलाम और जिला उपाध्यक्ष जावेद मुकीम ने भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि काशी जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक शहर में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
नेताओं का कहना है कि सावन जैसे पवित्र महीने में भी कांवर यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए, और जब कांग्रेस ने इस पर आवाज उठाई तो शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे नेताओं पर ही मुकदमा लाद दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में कई प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मैनुद्दीन, सतीश चंद्र त्रिपाठी, रियाज मनिहार, ऋषिकेश मिश्रा, अफसार अहमद, सरफराज अहमद, मास्टर फूलचंद, प्रेम तिवारी, शमशाद अहमद, नफीस चौधरी, महफूज चौधरी, गौचरण यादव, कायर प्रधान, दिवाकर त्रिपाठी, रियाजउद्दीन राईनी, होरी लाल श्रीवास्तव, रितेश त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद कुमार, शकील अहमद, उस्मान अली, अर्जुन कनौजिया, अब्दुल समद, उमेर अहमद, और फूलचंद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
रिपोर्ट: जाकिर खान।
Also Read: Siddharthnagar News: लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर बुजुर्ग की हत्या, तीन महिलाओं पर FIR

