भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बड़ा बाजार, टेस्ला की एंट्री से आएगा बड़ा बदलाव: CM देवेंद्र फडणवीस

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी ऑटोमोटिव दिग्गज टेस्ला का भारत में स्वागत करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि भारत अब इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए एक मजबूत और तैयार बाजार बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि एलन मस्क की यह कंपनी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक बड़ा बदलाव लाएगी।

मुंबई में टेस्ला का पहला एक्सपीरियंस सेंटर

बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में टेस्ला के पहले शोरूम, जिसे एक्सपीरियंस सेंटर कहा जा रहा है, का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह सिर्फ एक शोरूम का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि टेस्ला अब मुंबई शहर में आ चुकी है। उन्होंने मुंबई को भारत की न केवल आर्थिक, वाणिज्यिक और मनोरंजन की राजधानी बताया, बल्कि उद्यमशीलता की भी राजधानी बताया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने लॉन्च समारोह में मौजूद लोगों से कहा, मुंबई नवाचार का प्रतीक है। मुंबई स्थिरता का प्रतीक है। टेस्ला सिर्फ़ एक कार या कार कंपनी नहीं है, बल्कि यह डिज़ाइन, नवाचार और स्थिरता के बारे में है। उन्होंने याद किया कि 2015 में उन्होंने अमेरिका में पहली बार टेस्ला की सवारी की थी और तभी उन्हें महसूस हुआ था कि भारत को भी ऐसी ही मोबिलिटी की जरूरत है।

फडणवीस ने टेस्ला के प्रतिनिधियों से कहा, आपको भारत आने में 10 साल लग गए, लेकिन हमें बहुत खुशी है कि आखिरकार आप यहां हैं और मुझे यकीन है कि मुंबई और भारत के लोग टेस्ला को पसंद करेंगे। जब आप वास्तव में अपनी कारों की डिलीवरी शुरू करेंगे तो भारत आपके लिए सबसे अच्छे बाजारों में से एक होगा। फडणवीस ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत में अब चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और उनके निर्माण के लिए बेहतरीन प्रोत्साहन देने वाली बहुत अच्छी नीतियां हैं। उन्होंने अपनी उम्मीद जताई, मुझे लगता है कि यह एक अच्छी शुरुआत है, लेकिन भविष्य में, हम चाहते हैं कि आरएंडडी (अनुसंधान और विकास) और मैन्युफैक्चरिंग (विनिर्माण) भारत में ही हो और मुझे यकीन है कि उचित समय पर, टेस्ला इस बारे में सोचेगी।

भारत में टेस्ला की मौजूदगी और विस्तार

टेस्ला की अब भारत में चार कमर्शियल प्रॉपर्टी हैं, जिनमें पुणे में एक इंजीनियरिंग हब, बेंगलुरु में एक पंजीकृत कार्यालय और बीकेसी के पास एक अस्थायी कार्यालय शामिल है। टेस्ला इंडिया मोटर एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने बीकेसी में अपने आगामी शोरूम के पास एक सर्विस सेंटर स्थापित करने के लिए मुंबई के कुर्ला पश्चिम में 24,500 वर्ग फुट जगह लीज पर ली थी। इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी ने लोढ़ा लॉजिस्टिक्स पार्क में जगह किराए पर लेने के लिए बेलिसिमो इन सिटी एफसी मुंबई वन प्राइवेट के साथ एक लीज और लाइसेंस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता पांच वर्ष के लिए है, जिसका शुरुआती मासिक किराया 37.53 लाख रुपए है। दस्तावेजों के अनुसार, लीज की पूरी अवधि के दौरान, टेस्ला कुल मिलाकर लगभग 25 करोड़ रुपए का भुगतान करेगी, जिसमें 2.25 करोड़ रुपए की सुरक्षा राशि भी शामिल है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.