भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने बेगूसराय कोर्ट में किया सरेंडर, जानिए क्या है पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अदाकारा अक्षरा सिंह मंगलवार को बेगूसराय कोर्ट में पेश हुईं। उन पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 5 लाख रुपये एडवांस लेने और तय समय से पहले मंच छोड़ देने का गंभीर आरोप है। इसी मामले में कोर्ट ने उनके खिलाफ समन जारी किया था, जिसके बाद उन्हें अदालत में सरेंडर करना पड़ा।
10-10 हजार रुपये के मुचलकों पर मिली जमानत
प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ओमप्रकाश की अदालत में अक्षरा सिंह ने सरेंडर किया। सुनवाई के बाद उन्हें 10-10 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर जमानत मिल गई। इस मामले में अक्षरा के पिता विपिन सिंह भी आरोपी हैं। अक्षरा की तरफ से वकील सीमा ने उनका पक्ष रखा, जबकि कार्यक्रम के आयोजक और लोक गायक शिवेश मिश्रा की ओर से प्रमोद कुमार ने दलीलें दीं।
क्या है 5 लाख रुपये एडवांस लेकर मंच छोड़ने का मामला
यह पूरा मामला अक्टूबर 2023 का है। उस समय समस्तीपुर के एक दुर्गा पूजा कार्यक्रम में अक्षरा सिंह को परफॉर्म करने का करार हुआ था। आयोजक शिवेश मिश्रा के मुताबिक, अक्षरा को 5 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और उनसे 3 घंटे की प्रस्तुति का समझौता हुआ था। लेकिन, आयोजकों का आरोप है कि अक्षरा सिंह सिर्फ आधे घंटे में ही किसी बात पर नाराज होकर मंच से उतर गईं और कार्यक्रम को अधूरा छोड़ दिया। इससे आयोजकों को भारी नुकसान हुआ और दर्शकों ने भी खूब हंगामा किया।
किन धाराओं में दर्ज हुआ है केस
इस आरोप के बाद कोर्ट ने अक्षरा सिंह और उनके पिता के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात (धारा-406) और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने (धारा-427) में संज्ञान लेते हुए समन जारी किया था। पहले वारंट जारी होने के बाद अक्षरा सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे सत्र न्यायाधीश ने मंजूर कर लिया था। इसी जमानत आदेश के तहत आज अक्षरा सिंह ने औपचारिक रूप से सरेंडर कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अब इस मामले की अगली सुनवाई में दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
Also Read: आगरा में आम आदमी पार्टी की पदयात्रा: स्कूल बचाओ अभियान में संजय सिंह ने भरी हुंकार

