पटना के पारस अस्पताल में भर्ती चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के पारस अस्पताल में भर्ती चंदन मिश्रा नाम के एक कुख्यात अपराधी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। चंदन मिश्रा कई हत्या के मामलों में सजा काट रहा था और तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी मिलते ही विरोधी गुट ने इस वारदात को अंजाम दिया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है।
कौन था चंदन मिश्रा
पटना एसएसपी ने बताया कि बक्सर का कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा कई हत्या के मामलों में आरोपी था और उसे एक केस में सजा भी मिल चुकी थी। एसएसपी के अनुसार, वह बहुत खतरनाक अपराधी था, इसी वजह से कुछ दिन पहले उसे बक्सर से भागलपुर जेल में शिफ्ट किया गया था। जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएसपी ने आशंका जताई कि चंदन मिश्रा पर उसके विरोधियों ने हमला किया है। चंदन को कई गोलियां लगी हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल
पुलिस के हाथ शूटरों की तस्वीरें लग गई हैं और उनकी पहचान की जा रही है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि बक्सर पुलिस की मदद से शूटर को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जब एसएसपी से पूछा गया कि चंदन मिश्रा को कितनी गोलियां लगी हैं, तो उन्होंने बताया कि यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन यह तय है कि उसे कई गोलियां मारी गई हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे पता चला है कि दो लोग बाइक से आए थे और उन्होंने चंदन मिश्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
Also Read: लखनऊ में 7 करोड़ के पर्यटन घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, EOW टीम ने किया गिरफ्तार

