चंदन मिश्रा हत्याकांड में बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी तौशीफ कोलकाता से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी तौशीफ उर्फ बादशाह सहित कुल चार संदिग्धों को कोलकाता के आनंदपुर स्थित एक गेस्टहाउस से हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, सभी संदिग्धों को कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाज़ार ले जाया गया है, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी आरोपी सीधे तौर पर पटना कांड से जुड़े हुए हैं या नहीं।

पारस अस्पताल में हुई थी चंदन मिश्रा की हत्या

आपको बता दें कि 17 जुलाई को पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पारस हॉस्पिटल में कुख्यात अपराधी चंदन कुमार मिश्रा को गोली मार दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। चंदन मिश्रा जेल में बंद था, लेकिन तबीयत खराब होने के बाद उसे इलाज के लिए पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान, अपराधियों ने अस्पताल में घुसकर उसकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्य और एसटीएफ के सहयोग से मिली सफलता

पटना पुलिस ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, इनपुट और अन्य पहलुओं पर गहनता से जांच की। इसी क्रम में कोलकाता पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से कोलकाता में छापेमारी की गई, जिसके बाद मुख्य आरोपी तौशीफ उर्फ बादशाह को हिरासत में लिया गया। उसके साथ ही निशु खान और एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है।

शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हत्या की साजिश निशु खान के आवास पर रची गई थी और वारदात को अंजाम मुख्य रूप से तौशीफ ने दिया। पुलिस अब अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।

Also Read: WCL 2025: रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला, आयोजकों ने जारी किया आधिकारिक बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.