उपराष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया शुरू, चुनाव आयोग ने संभाली कमान

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक राजपत्र (गजट) जारी कर धनखड़ के इस्तीफे को आधिकारिक रूप से अधिसूचित कर दिया है।

जल्द होगा चुनाव कार्यक्रम का ऐलान

संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत, भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव कराने का अधिकार है। आयोग ने नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले निर्वाचन आयोग कुछ अहम कदम उठाता है, जिनमें शामिल हैं।

निर्वाचक मंडल की तैयारी: इसमें लोकसभा और राज्यसभा के सभी निर्वाचित और मनोनीत सदस्य शामिल होते हैं।

अधिकारियों की नियुक्ति: चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है।

जानकारी का संकलन: अब तक हुए सभी उपराष्ट्रपति चुनावों की पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी को इकट्ठा किया जाता है।

निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी बनाने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

पीएम मोदी ने की उत्तम स्वास्थ्य की कामना

भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने लिखा, जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। बता दें कि 16 जुलाई 2022 को भाजपा ने NDA की ओर से धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया था और 6 अगस्त 2022 को हुए चुनाव में उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया था।

Also Read: हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में भारत ने लगाई छलांग, 8 पायदान ऊपर चढ़कर 77वें स्थान पर पहुंचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.