रामनाथ ठाकुर बन सकते हैं अगले उपराष्ट्रपति! JP नड्डा से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि सत्ताधारी NDA गठबंधन ने अभी तक अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है, लेकिन इस पद के लिए अटकलों का बाज़ार गर्म है। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से जदयू सांसद और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की मुलाकात के बाद उनका नाम इस रेस में सबसे आगे माना जा रहा है।
उपराष्ट्रपति पद पर नहीं हुई कोई बात: रामनाथ ठाकुर
जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक को लेकर केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुलाकात नहीं थी। यह एक समीक्षा बैठक थी, जिसमें 11 सांसद और चार मंत्रियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में उपराष्ट्रपति पद को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने खुद को अपनी पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता बताया और कहा कि वह पार्टी के आदेशों का पालन करते हैं।
कौन हैं रामनाथ ठाकुर और क्यों हो रही है उनकी चर्चा
रामनाथ ठाकुर बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं, जिन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। वह 2005 में पहली बार बिहार सरकार में गन्ना मंत्री बने थे और 2010 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया। वर्तमान में, वह जदयू से राज्यसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री के पद पर हैं।
उपराष्ट्रपति पद के लिए उनके नाम की चर्चा कई वजहों से हो रही है।
बिहार से संबंध: इस साल के आखिर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उनका नामांकन भाजपा-जदयू गठबंधन को और मज़बूती दे सकता है।
साफ छवि: अपनी साफ़-सुथरी छवि और सामाजिक न्याय के लिए काम करने के कारण वह विपक्ष के लिए एक मुश्किल उम्मीदवार साबित हो सकते हैं।
राजनीतिक लाभ: वह अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) समुदाय से आते हैं, जो बिहार की राजनीति में एक बड़ा वोट बैंक है। ऐसे में उनका नाम राजनीतिक रूप से NDA के लिए फायदेमंद हो सकता है।
Also Read: अनिल अंबानी की कंपनियों पर ED का शिकंजा, 50 ठिकानों पर छापेमारी, 3000 करोड़ के घोटाले की जांच

