Chandauli News: जिम संचालक की हत्या के चारों आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी भी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली ज़िले में दिनदहाड़े हुए जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी गुरुवार तड़के प्रयागराज से हुई। लेकिन गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें असलहा बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तो मामला और भी खतरनाक मोड़ ले गया।
असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोलियां
पुलिस ने आरोपियों को महेवा गांव के पास एक निजी स्कूल के समीप असलहे की बरामदगी के लिए ले जाया था। इसी दौरान आरोपियों ने फरार होने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में उपनिरीक्षक अजय यादव और अभिषेक शुक्ला को गोली लगी है। दोनों को फौरन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में मोर्चा संभाला और चारों बदमाशों को दोबारा काबू में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान श्याम यादव उर्फ कल्लू, काजू, बृजेश और रोहित के रूप में हुई है। इनके पास से जिम संचालक की हत्या में इस्तेमाल किए गए असलहे भी बरामद किए गए हैं।
हत्या के पीछे की मंशा की जांच जारी
बता दें कि यह मामला 22 जुलाई का है, जब चंदौली के धरना गांव में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े जिम संचालक अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टेक्निकल सर्विलांस और इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई।
गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चंदौली जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूरी घटना की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों के पृष्ठभूमि व मंशा का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
Also Read: Lucknow News: सांसद अवधेश प्रसाद का दावा, मस्जिद में अखिलेश यादव ने नहीं की कोई राजनीतिक चर्चा

