भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक FTA डील, प्रधानमंत्री मोदी और कीर स्टारमर की मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दो दिवसीय ब्रिटेन यात्रा के दौरान अपने ब्रिटिश समकक्ष कीर स्टारमर से मुलाकात की। यह मुलाकात ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास, चेकर्स एस्टेट में हुई। प्रधानमंत्री मोदी की यह चौथी यूके यात्रा है।
लंदन पहुँचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि इस यात्रा का मुख्य मकसद भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है। हमारा फोकस दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्धि, विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक प्रगति के लिए भारत और यूके की मजबूत दोस्ती बहुत जरूरी है।
भारत-ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक FTA पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री मोदी और कीर स्टारमर की बैठक के दौरान, तीन साल की लंबी बातचीत के बाद आखिरकार भारत और ब्रिटेन ने ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर कर दिए। मई में इस समझौते पर सहमति बनी थी। इस डील से भारत के 99% एक्सपोर्ट को फायदा होने की उम्मीद है, जिससे भारतीय कंपनियों के लिए ब्रिटेन में अपना सामान बेचना आसान हो जाएगा। वहीं, ब्रिटिश कंपनियों के लिए भी भारत में कार, व्हिस्की और अन्य प्रोडक्ट बेचना आसान हो जाएगा।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस समझौते की तारीफ करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, भारत के साथ इस ऐतिहासिक समझौते का मतलब है ब्रिटेन में ज्यादा नौकरियां, निवेश और विकास। यह डील हजारों ब्रिटिश नौकरियां पैदा करेगी, कारोबारियों के लिए नए मौके खोलेगी और मेहनतकश लोगों की जेब में ज्यादा पैसा डालेगी।
Also Read: वाराणसी-बलिया मार्ग होगा 60 फीट से ज्यादा चौड़ा, CM योगी के निर्देश पर चल रहा सर्वे

