Bahraich News: AAP सांसद संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति के इस्तीफे और बिहार-यूपी की राजनीति पर उठाए गंभीर सवाल

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुँचे आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कई बड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने उपराष्ट्रपति के अचानक इस्तीफे से लेकर बिहार की राजनीति और यूपी में स्कूलों के मर्जर तक कई तीखे सवाल उठाए।

उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर उठाए सवाल

AAP सांसद संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति द्वारा अचानक दिए गए इस्तीफे को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब उपराष्ट्रपति जैसा संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अचानक इस्तीफा दे देता है, और देश को इसकी पूरी जानकारी भी नहीं दी जाती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पर स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि उन्हें देश को पूरी जानकारी देनी चाहिए कि आखिर उपराष्ट्रपति ने अचानक पद क्यों छोड़ा।

बिहार की राजनीति पर बरसे संजय सिंह

संजय सिंह ने बिहार की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनावों पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है, वह समझ से परे है। उन्होंने इसे एक बहुत बड़ा चुनावी घोटाला करार दिया। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि अगर सुप्रीम कोर्ट SIR पर रोक नहीं लगाता है, तो बिहार में हर हाल में एनडीए (NDA) की सरकार बनेगी।

यूपी में स्कूल मर्जर पर भी साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों के विलय (मर्जर) किए जाने के फैसले पर संजय सिंह ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी सरकार है जो लोगों को अशिक्षित और बेरोजगार बनाना चाहती है, जिसकी वजह से स्कूलों का मर्जर किया जा रहा है। AAP सांसद ने घोषणा की कि आगामी 27 जुलाई को आम आदमी पार्टी द्वारा स्कूल मर्जर के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें ताली बजाकर सरकार को जगाने का काम किया जाएगा।

Also Read: UP STF को बड़ी सफलता, करोड़ों की लूट और मर्डर केस में फरार आरोपी राजभर को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.