Lucknow News: 25-25 हजार के इनामी 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार, बाइक-कैश और मोबाइल बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। महानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जेबकतरी और राह चलते लोगों से छीना-झपटी की घटनाओं में वांछित तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर न सिर्फ जेब काटने बल्कि पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का भी आरोप है।
स्मृति वाटिका के पास चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस को यह सफलता शुक्रवार सुबह स्मृति वाटिका से खाटू श्याम जाने वाली सड़क पर जीआईसी कॉलेज की बाउंड्री के पास वाहन चेकिंग के दौरान मिली। मोटरसाइकिल से आते तीन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई तो वे घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में खुले गिरोह के राज
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग लखनऊ और अन्य शहरों में जेबकतरी की वारदात को अंजाम देते हैं। ये लोग खास तौर पर भीड़-भाड़ वाले बाजारों और राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। साथ ही, पूछताछ में यह भी सामने आया कि 23 जुलाई को इनके एक साथी कुलदीप उर्फ भेला को पुलिस ने पकड़ा था, जबकि ये तीनों मौके से फरार हो गए थे।
बरामदगी में शामिल सामान:
- एक काली पल्सर मोटरसाइकिल
- ₹7011/- नगद
- तीन कीपैड मोबाइल फोन
- पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा संख्या 177/25, धारा 303(2)/317(2)/112(2) बीएनएस, थाना महानगर के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते
- नीरज उर्फ लम्बू, पुत्र अतर सिंह, निवासी – महरूपुर रावी, थाना कमालगंज, जिला फतेहगढ़, उम्र – 24 वर्ष
- पिंटू, पुत्र कुंअर सिंह, निवासी – महरूपुर रावी, थाना कमालगंज, जिला फतेहगढ़, उम्र – 34 वर्ष
- प्रकाश चंद्र, पुत्र पुत्तू लाल, निवासी – महरूपुर रावी, थाना कमालगंज, जिला फतेहगढ़, उम्र – 46 वर्ष
अपराध की शैली
तीनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों, साप्ताहिक बाजारों, यात्रियों से भरी बसों, और चलते वाहनों पर जेबकतरी की वारदातें अंजाम देते थे। गिरफ्तारी से पहले भी इन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया था।
नीरज उर्फ लम्बू का आपराधिक इतिहास
नीरज के खिलाफ 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, धोखाधड़ी, फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। कुछ प्रमुख मामले धारा 411/420, 392, 379, 511, 147, 148, 307, 376, 504, 506 आदि के तहत विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। आगरा, शाहजहांपुर, कन्नौज, फतेहगढ़ और लखनऊ के कई थानों में दर्ज मामले है।
कई मामलों में आयुध अधिनियम (आर्म्स एक्ट) भी लागू
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने बताया कि यह गिरफ्तारी शहर में चल रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। जेबकतरी, चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: फर्जी CBI अधिकारी बनकर 56 लाख की ठगी, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

