सोमवार से शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव की संभावना, कई कारकों पर निर्भर करेगी बाजार की दिशा

Business News : अगले सप्ताह शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह बाजार की चाल कई प्रमुख कारकों पर निर्भर करेगी, जिनमें बड़ी कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजे, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति और विदेशी निवेशकों (एफपीआई) की गतिविधियाँ शामिल हैं। इसके अलावा, व्यापक आर्थिक आंकड़ों की घोषणाएँ, मासिक वाहन बिक्री के आँकड़े और वैश्विक बाजार के रुझान भी घरेलू बाजार को प्रभावित कर सकते हैं।

अमेरिकी शुल्क नीति और भू-राजनीतिक तनाव पर बाजार की नजर

बाजार की निगाहें 1 अगस्त को समाप्त हो रही अमेरिकी शुल्क नीति की समयसीमा और थाइलैंड-कंबोडिया के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव पर भी टिकी होंगी। इसी दिन भारत सहित कई देशों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्क पर रोक की अवधि खत्म हो रही है, जिसका असर वैश्विक व्यापार पर पड़ सकता है।

आर्थिक आंकड़ों पर निवेशकों की नजर

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने बताया कि नए महीने की शुरुआत कई महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के साथ होगी। 1 अगस्त को औद्योगिक उत्पादन (IIP) और एचएसबीसी विनिर्माण PMI के आंकड़े जारी होंगे। इसके साथ ही मासिक वाहन बिक्री के आंकड़े भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। जुलाई महीने में डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स के एक्सपायरी के कारण बाजार में अस्थिरता देखी जा सकती है।

सोमवार से शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव की संभावना, कई कारकों पर निर्भर करेगी बाजार की दिशा

उन्होंने यह भी कहा कि तिमाही नतीजों का सीजन जारी रहेगा, जिसमें इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, सन फार्मा और आईटीसी जैसी प्रमुख कंपनियों के परिणाम बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

वैश्विक स्तर पर फेड की ब्याज दर और व्यापार वार्ताएँ महत्वपूर्ण

मिश्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति, जीडीपी वृद्धि दर और 1 अगस्त की शुल्क समयसीमा के साथ-साथ व्यापार वार्ताओं पर नजर रखेंगे। इन घटनाक्रमों का असर विदेशी निवेश प्रवाह पर पड़ सकता है। इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये की गति और कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार को प्रभावित कर सकती हैं।

प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी नजर

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा कि इस सप्ताह भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोल इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी और आईटीसी जैसी कंपनियों के तिमाही नतीजे जारी होंगे। इन कंपनियों के प्रदर्शन से बाजार की अगली दिशा तय होगी।

पिछले सप्ताह बाजार में गिरावट

पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 294.64 अंक (0.36%) गिरकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 131.40 अंक (0.52%) नीचे रहा। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता, मिले-जुले तिमाही नतीजों और बढ़ते एफआईआई निकासी के कारण बाजार में कमजोरी बनी रह सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.