राजस्थान में भारी बारिश का कहर, मध्य प्रदेश से कटा संपर्क; कई जिलों में रेड अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। कोटा, टोंक और सवाई माधोपुर सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहाँ घरों, दुकानों और सड़कों पर 5-5 फीट तक पानी भर गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि राज्य का मध्य प्रदेश से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर बोदल गाँव में नेशनल हाईवे-552 पर बनी औगाड़ पुलिया तेज़ बहाव में बह गई है। इससे सवाई माधोपुर-श्योपुर मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। मंगलवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इलाक़े जलमग्न हो गए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा रहा है। रेल मार्ग भी प्रभावित हुआ है, जहाँ सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर पटरियाँ पानी में डूब गई हैं। ट्रेनों की गति कम कर दी गई है, जिससे यात्री खासे परेशान हैं।
कोटा और जयपुर में भी बिगड़े हालात
कोटा के इटावा क्षेत्र में पार्वती नदी उफान पर है और नदी पर बना नया पुल भी जलमग्न हो गया है। इटावा-खातोली मार्ग पर स्टेट हाईवे-70 (कोटा-ग्वालियर-श्योपुर मार्ग) पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पुल पर एक फीट तक पानी बह रहा है, जिससे किसी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। राजधानी जयपुर में भी सुबह से ही मूसलधार बारिश का सिलसिला जारी है। शहर की सड़कें पानी से लबालब हैं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

मौसम विभाग का रेड अलर्ट और स्कूल बंद
मौसम विभाग ने कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर को छोड़कर शेष सभी जिलों में येलो अलर्ट है।
बारिश के अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने आज 15 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना ज़रूरत घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
अगले 48 घंटे और चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आया दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर लो-प्रेशर में बदल चुका है। यह सिस्टम वर्तमान में राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से पर सक्रिय है। मानसून की ट्रफ लाइन अभी श्रीगंगानगर से होते हुए दिल्ली की ओर जा रही है। इसके चलते अगले 48 घंटे राज्य के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है, लेकिन तेज बहाव और लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर बचाव अभियान में बाधा आ रही है।
Also Read: आंध्र प्रदेश शराब घोटाले में SIT की बड़ी कार्रवाई, 11 करोड़ रुपये नकद बरामद

