पीएम-किसान की अगली किस्त 2 अगस्त को होगी जारी, PM मोदी वाराणसी से करेंगे किसानों को संबोधित
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की अगली किस्त 2 अगस्त को जारी की जाएगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी में होने वाले एक विशेष कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि की राशि सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित करेंगे।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बयान में किसानों से अपील करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को ठीक 11 बजे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के खाते में डालने वाले हैं। इस अवसर पर वह किसानों से जुड़कर बात भी करेंगे। इसलिए किसानों से प्रार्थना है कि 2 अगस्त को ठीक 11 बजे आप प्रधानमंत्री के किसी न किसी कार्यक्रम से जरूर जुड़िए।
देशभर में आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश भर के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, मंडियों और प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपने निकटतम कार्यक्रम में शामिल हों और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनें।
कृषि मंत्री ने बुधवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक भी की, जिसमें यह सुनिश्चित किया गया कि इस योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुँच सके। इस बैठक में देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों, ICAR और कृषि विश्वविद्यालयों के निदेशक, कुलपति और प्रमुख वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
Also Read: डिंपल यादव को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

