Delhi Crime News: संसद भवन के पास महिला सांसद की सोने की चेन खींचकर भागे बाइक सवार

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। उच्च सुरक्षा वाले चाणक्यपुरी इलाके में तमिलनाडु की लोकसभा सांसद आर. सुधा रामकृष्णन के साथ झपटमारी की गंभीर वारदात सामने आई है।

रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अज्ञात बाइक सवार बदमाश उनकी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

यह घटना पोलैंड दूतावास के पास की बताई जा रही है, जो कि एक अत्यंत संवेदनशील और वीवीआईपी जोन माना जाता है। सांसद सुधा फिलहाल तमिलनाडु भवन में ठहरी हुई हैं और रोज़ाना सुबह सैर पर निकलती हैं।

Sudha Ramakrishnan
तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन

घटना के दौरान सांसद को आईं हल्की चोटें

सूत्रों के मुताबिक, झपटमारी के दौरान सांसद ने विरोध करने की कोशिश की, जिसमें उन्हें कुछ चोटें भी आईं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और इलाके में नाकेबंदी की गई है।

गृह मंत्री को पत्र लिखकर सांसद ने की कार्रवाई की मांग

सांसद आर. सुधा रामकृष्णन ने इस घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखकर दी है। पत्र में उन्होंने आग्रह किया है कि जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं ताकि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।

आम आदमी पार्टी ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली की उपराज्यपाल प्रशासित व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:

“सुबह 6 बजे चाणक्यपुरी में तमिलनाडु की सांसद सुधा रामकृष्णन के साथ चेन स्नैचिंग की घटना शर्मनाक है। दिल्ली में स्नैचिंग अब आम हो गई है और लोग पुलिस में FIR दर्ज कराने तक नहीं जाते, क्योंकि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं होती।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस में हजारों पद खाली पड़े हैं और सरकार उन्हें भरने को तैयार नहीं है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

दिल्ली पुलिस की प्रतिक्रिया

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज, आसपास के चश्मदीदों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पेट्रोलिंग भी शुरू कर दी गई है।

Also Read: JMM के संस्थापक और झारखंड के पूर्व CM शिबू सोरेन का निधन, कई महीनों से चल रहे थे बीमार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.