India-China Border Conflict: ‘आप सच्चे भारतीय होते तो…’, राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर की गई टिप्पणी पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सख्त रुख अपनाया।
कोर्ट ने उनके बयान को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “अगर आप सच्चे भारतीय होते, तो ऐसा नहीं कहते।”
यह टिप्पणी उस वक्त आई जब राहुल गांधी ने अपनी 2023 की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिए गए बयान के खिलाफ दायर मानहानि के मुकदमे को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनकी टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए तीखे शब्दों में कहा:
“आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 किलोमीटर तक भारत की जमीन हड़प ली है? क्या आपके पास कोई विश्वसनीय जानकारी है?”
पार्लियामेंट में क्यों नहीं उठाया मुद्दा: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने आगे कहा कि सीमा विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर इस तरह के सार्वजनिक बयान देना उचित नहीं है, खासकर तब जब आप विपक्ष के नेता हों। कोर्ट ने सवाल उठाया:
“आप विपक्ष के नेता हैं, तो आप ये बातें सार्वजनिक रूप से क्यों कहेंगे? संसद में जाकर सवाल क्यों नहीं पूछते?”
सिंघवी ने दिया जवाब, बोले– बोलने का अधिकार है
राहुल गांधी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने तर्क दिया कि राहुल गांधी ने संसद में बोलने की छूट पाने के लिए चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, और उन्होंने जो कहा वह एक पूर्व सेना अधिकारी से प्राप्त जानकारी पर आधारित था।
सिंघवी ने यह भी दलील दी कि इस मामले में प्राकृतिक न्याय का पालन नहीं हुआ। उनके अनुसार, निचली अदालत ने मुकदमा दर्ज करने से पहले राहुल गांधी को कोई मौका ही नहीं दिया कि वे अपना पक्ष रख सकें।
SC ने लगाई कार्यवाही पर अस्थायी रोक, नोटिस जारी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने हाईकोर्ट में कुछ अहम तर्क नहीं उठाए, जिससे प्रक्रिया प्रभावित हुई।
हालांकि, अदालत ने फिलहाल राहुल गांधी को अंतरिम राहत देते हुए निचली अदालत में चल रही मानहानि की कार्यवाही पर रोक लगा दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है और मामले की अगली सुनवाई के लिए तीन सप्ताह बाद की तारीख तय की है।
क्या था राहुल गांधी का बयान?
2023 की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया था कि एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने उन्हें बताया कि चीन ने भारत की लगभग 2000 वर्ग किलोमीटर भूमि पर कब्जा कर लिया है।
उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक बवाल मच गया और मानहानि का मामला दर्ज किया गया।
Also Read: Delhi Crime News: संसद भवन के पास महिला सांसद की सोने की चेन खींचकर भागे बाइक सवार


