पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सत्यपाल मलिक जी के निधन से दुखी हूँ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ॐ शांति।”
लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे सत्यपाल मलिक को 11 मई को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

किसान आंदोलन के दौरान सरकार से दूरी
सत्यपाल मलिक अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते थे। जब मोदी सरकार ने तीन कृषि कानून लागू किए थे, तो उन्होंने खुलकर किसानों का समर्थन किया था, जिसके बाद उनके और केंद्र सरकार के बीच दूरियाँ बढ़ गई थीं। इसके अलावा, उन्होंने 2023 में महिला पहलवानों के समर्थन में भी आवाज उठाई थी, जो बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर धरना दे रही थीं।
Also Read: Lucknow News: 21 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ 5 चोर गिरफ्तार, पूछताछ में गिरोह का खुलासा

