UP News: 15 जिलों से गुजरेगी कांग्रेस की ‘जयहिंद यात्रा’, अजय राय ने साधा बीजेपी पर निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि पार्टी अगस्त महीने में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के शहीदों को नमन करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इस कड़ी में 8 अगस्त को काकोरी से ‘जयहिंद यात्रा’ शुरू होगी, जो प्रदेश के 15 जिलों से होकर गुजरेगी।
उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ‘करो या मरो’ का नारा देकर भारत छोड़ो आंदोलन का आगाज किया था। इस ऐतिहासिक आंदोलन में उत्तर प्रदेश ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।

यात्रा का रूट और कार्यक्रम
अजय राय ने बताया कि ‘जयहिंद यात्रा’ की शुरुआत काकोरी से होगी। यह यात्रा प्रयागराज, मुरादाबाद, अयोध्या (फैजाबाद), आजमगढ़, मैनपुरी, मऊ, चंदौली (धानापुर), जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, सीतापुर, बलिया, गोरखपुर होते हुए सैय्यद राजा, चंदौली में समाप्त होगी। इस दौरान शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
‘स्वदेशी’ पर पीएम मोदी को घेरा
प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘स्वदेशी’ के नारे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “जो प्रधानमंत्री आज स्वदेशी अपनाने का नारा दे रहे हैं, वह खुद महंगे विदेशी ब्रांड की चीजें इस्तेमाल करते हैं, जैसे कि जर्मन ब्रांड के चश्मे।” उन्होंने भारत और चीन के व्यापारिक संबंधों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत का व्यापार घाटा 100 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है।
भाजपा पर ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के विरोध का आरोप
अजय राय ने भाजपा की ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की बात करती है, लेकिन यह नहीं बताती कि उनके पूर्वज सावरकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनका मूल संगठन आरएसएस इस आंदोलन का विरोध कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 26 जुलाई 1942 को बंगाल के गवर्नर को पत्र लिखकर आंदोलन को कुचलने की सलाह दी थी, जबकि सावरकर ने कानपुर में हिन्दू महासभा के 24वें सत्र में अंग्रेजों का साथ देने की बात कही थी।
Also Read: UP News: करोड़ों की बैंक धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, STF ने की…

