Lucknow News: ग्राहक बनकर आई महिला ने चुराए सोने के झुमके, CCTV फुटेज वायरल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में ज्वैलर्स की दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसा ही एक और मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र के भूतनाथ मार्केट स्थित रिद्धि ज्वैलर्स में सामने आया है, जहां एक शातिर महिला ने ग्राहक बनकर सोने के झुमके चुरा लिए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैसे हुई चोरी?

दुकानदार के मुताबिक, एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में आई और अलग-अलग डिजाइन के झुमके दिखाने को कहा। जब दुकानदार उसे झुमके दिखा रहा था, उसी दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से सोने की बालियों की एक जोड़ी चुरा ली। इसके बाद वह बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकली और फिर वापस नहीं आई। जब दुकानदार ने स्टॉक चेक किया तो उसे चोरी का पता चला।

तुरंत ही उसने सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें महिला चोरी करते हुए साफ नजर आ रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शुरू की तलाश

गाजीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों और अन्य बाजारों में भी अलर्ट जारी कर दिया है। उन्होंने सभी सर्राफा व्यापारियों से अपनी दुकानों पर अधिक सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Also Read: यूपी विधानसभा का विशेष सत्र: 24 घंटे चलेगी चर्चा, ‘विजन डॉक्यूमेंट-2047’ पर मंथन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.