Raksha Bandhan: मुफ्त बस यात्रा पर उमड़ा जनसैलाब, लखनऊ के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़
Sandesh Wahak Digital Desk: रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी, जिसका नतीजा यह हुआ कि लखनऊ के बस अड्डों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आलमबाग, कमता, कैसरबाग और चारबाग जैसे प्रमुख बस अड्डों से चलने वाली हर बस पूरी तरह भरी हुई थी। यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी, वहीं महिलाओं को बस में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने उमड़ी भीड़
शनिवार सुबह से ही मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में बस अड्डों पर पहुंचने लगीं। रक्षाबंधन के पहले ही, महिलाएं सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, गोरखपुर और बस्ती सहित कई जिलों के लिए रवाना हो रही थीं। कमता बस अड्डे पर तो यह हाल था कि बस के प्लेटफॉर्म पर रुकने से पहले ही वह पूरी तरह भर जाती थी। यात्रियों की भीड़ को काबू करने के लिए रोडवेज कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कमता बस अड्डे जैसी ही स्थिति कैसरबाग, आलमबाग और चारबाग में भी देखने को मिली। इस बार महिलाओं के साथ-साथ पुरुष अटेंडेंट को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से भीड़ और भी बढ़ गई। इस कारण सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और कई बार झड़प भी हुई।

रेलवे स्टेशनों पर भी रहा यही हाल
रोडवेज बसों की तरह ही रेलवे स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। लखनऊ जंक्शन और चारबाग स्टेशन पर शुक्रवार को यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। लखनऊ से गोरखपुर, दिल्ली, प्रयागराज और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्री खिड़कियों से बोगियों में घुसते नजर आए। यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए जीआरपी और आरपीएफ जवानों को मोर्चा संभालना पड़ा।
व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होने का दावा
लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई थीं। बस अड्डों पर कर्मचारियों और अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि 900 से ज़्यादा अतिरिक्त बसें चलाई गई थीं और सभी डिपो के अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखने के निर्देश दिए गए थे।
Also Read: Sambhal News: सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी…

