दिल्ली के चाणक्यपुरी में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार थार ने दो लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के वीआईपी इलाके चाणक्यपुरी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

11 मूर्ति इलाके के पास एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने दो राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राष्ट्रपति भवन से महज दो किलोमीटर की दूरी पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार गाड़ी का अगला पहिया तक अलग हो गया। घटना के बाद मृतक का शव कई घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

ड्राइवर हिरासत में, जांच जारी

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को तुरंत हिरासत में ले लिया। वाहन से शराब की कई बोतलें भी बरामद की गई हैं। शुरुआती जांच में संदेह जताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।

थार गाड़ी का रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का बताया जा रहा है और हादसे के वक्त वाहन में केवल चालक ही मौजूद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर वाहन की बारीकी से जांच की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह एक हादसा था या किसी साजिश के तहत की गई टक्कर।

उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह जोधपुर के बालसमंद क्षेत्र में भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ था। 6 अगस्त को एक तेज रफ्तार डंपर ने दो महिलाओं को कुचल दिया था, जिसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

पुलिस जुटा रही है साक्ष्य

चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।

Also Read: चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से कहा- सबूत पेश करें या देश से माफी मांगें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.